National Sports Awards: हरियाणा के 9 खिलाड़ियों को मिला खेल पुरस्कार, मनु भाकर खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित, देखें पूरी लिस्ट

दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पेरिस ओलंपिक की डबल मेडलिस्ट मनु भाकर, सबसे कम उम्र में वर्ल्ड चेस चैंपियन डी गुकेश, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलिट प्रवीण कुमार को खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा 32 खिलाडियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया। इसमें हरियाणा के 8 खिलाड़ी शामिल है।
बता दें कि शुक्रवार को हरियाणा के झज्जर की शूटर मनु भाकर को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें ये अवार्ड दिया। मनु भाकर ने पिछले साल पेरिस ओलिंपिक में 2 मेडल जीते थे।
इसके साथ हरियाणा की नीतू घनघस, स्वीटी बूरा, संजय कालीरामन, अभिषेक नैन, सरबजोत सिंह , धर्मबीर नैन, अमन सहरावत और नवदीप सिंह को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं हॉकी कोच संदीप सांगवान को द्रोणाचार्य अवॉर्ड दिया गया। यहां देखें पूरी लिस्ट
1.हरियाणा के अंबाला के रहने वाले शूटर सरबजोत सिंह को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होनें पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
2. झज्जर के अमन सहरावत को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने रेसलिंग में पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
3. सोनीपत के अभिषेक नैन को अर्जुन अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने पेरिस ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
4. सोनीपत के गांव भदाना और वर्तमान में विशाल नगर निवासी धर्मबीर नैन ने पैरालंपिक में क्लब थ्रो के एफ51 वर्ग में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। उन्हें आज राष्ट्रपति भवन में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
5. 2024 के पेरालिंपिक के जेवलिन थ्रो इवेंट के गोल्ड मेडलिस्ट नवदीप सिंह को अर्जुन अवॉर्ड मिला। नवदीप पानीपत के रहने वाले है।
6. भिवानी की नीतू घनघस को अर्जुन अवॉर्ड मिला है। नीतू मुक्केबाज हैं, जो न्यूनतम भार वर्ग में 2023 विश्व चैंपियन और लाइट फ्लाईवेट में दो बार की विश्व युवा चैंपियन हैं।
7. हिसार के संजय कालीरामन को अर्जुन अवॉर्ड मिला है। वह पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली हॉकी टीम में शामिल थे।
8. हिसार की बॉक्सर स्वीटी बूरा को भी राष्ट्रपति भवन में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया।