आज हरियाणा के इन जिलों में हाड़ कंपाएगी सर्दी, छाएंगे घने कोहरे के बादल, देखें मौसम की सटीक जानकारी
मौसम विभाग ने हरियाणा के 12 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल हैं।
Aaj Ka Mousam: मौसम विभाग ने हरियाणा के 12 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जो 50 मीटर तक हो सकती है। यह कोहरे का दौर 29 दिसंबर तक जारी रहेगा। इससे वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि घने कोहरे की वजह से दृश्यता बहुत कम हो जाती है, जिससे सड़क हादसे की संभावना बढ़ जाती है।
पहाड़ों में एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 27 दिसंबर से हरियाणा के कुछ जिलों में ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हिसार का बालसमंद सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 26 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान हल्की गति से उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे रात्रि तापमान में और गिरावट हो सकती है।
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं के रुख में भी बदलाव हो सकता है। 26 दिसंबर की रात से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही 27 और 28 दिसंबर को मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा, और उत्तरी तथा दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।